Wednesday, July 16, 2025
उत्तर प्रदेशदेशराजनीतिराज्य

कांग्रेसी घर घर पहुंचाएंगे राहुल गांधी का संदेश

बरेली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस ने नया अभियान शुरू किया है। ‘हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा’ के जरिए कांग्रेस ने घर-घर लोगों से संपर्क साधने की कोशिश शुरू कर दी है। इसी अभियान को लेकर रविवार को जनपद बरेली के चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा का शुभारंभ किया गया। जिसके बाद यात्रा सैटेलाइट, नकटिया, नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां पहुंच कर समाप्त हुई। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा के दौरान लोगों से संपर्क साधकर घर-घर राहुल गांधी का संदेश पहुंचाएंगे।

वहीं इस दौरान महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को समाप्त हो रही है। इसी कड़ी में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा हर बूथ, महानगर वार्डों और जिले के ब्लाकों पर आयोजित की जाएगी। राहुल गांधी के संदेश को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी कार्यकर्ता पहुंचाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि घर-घर जाकर संपर्क साधने के दौरान लोगों की परेशानियां सामने आएंगी। साथ ही कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का अनुभव घर-घर पहुंचाना है। केंद्र सरकार की तरफ से बढ़ाई गई महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता को रूबरू कराना है।