एमपी में भाजपा को तगड़ा झटका, चार बार के विधायक रसाल सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा

 

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने चार लिस्ट जारी कर 136 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भी रविवार को 144 कैंडिडेट के नाम का ऐलान कर दिया है। सूबे में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। ऐसे में एमपी के चंबल क्षेत्र में भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। चार बार भाजपा के विधायक रहे रसाल सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

 

मध्यप्रदेश में चुनाव की घोषणा के साथ ही भाजपा-कांग्रेस में नाराज नेताओं के दल बदल का सिलसिला जारी है। प्रदेश की एक और हाई प्रोफाइल सीट लहार में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह को हराने के लिए भाजपा प्रत्याशी अम्बरीश शर्मा के समर्थन में खुद मुख्यमंत्री मैदान में नजर आ रहे हैं। पूर्व विधायक रसाल सिंह नेअपने सोशल मीडिया पर इस्तीफे की कॉपी पोस्ट कर भाजपा छोड़ने की सूचना सार्वजनिक की है।

 

 

वहीं बीजेपी जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लहार में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने व्हाट्सएप पर उनका इस्तीफा देखा है। वो उन से बात करेंगे कि उन्हें क्या नाराजगी है। भाजपा जिला अध्यक्ष के मुताबिक, रसाल सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं जिन्हें मनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।