पारिवारिक विवाद में महिला ने की खुदकशी, पति, ननद व सास पर मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर में एक महिला ने फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी पर मायकेवाले भी मौके पर पहुंचे और पति समेत महिला की ननद व सास पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर मायके पक्ष के लोग शांत हो गए। वहीं मृतका की मां का रो रोकर बुरा हाल हो गया था।

पारिवारिक कलह से परेशान होकर भगवानपुर गांव निवासी दीपक कन्नौजिया की पत्नी प्रियंका कन्नौजिया ने शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे अपने कमरे में लगे पंखे से दुप्पटे को बांधकर खुदकशी कर ली। शाम पांच बजे काम पर से लौटी दीपक की मां ने उसको जानकारी दी और दीपक ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लेने के बाद फोरेंसिक टीम को सूचना दी। लंका थाने की पुलिस ने ही मृतका के मायकेवालों को घटना के बारे में बताया। करीब दो घंटे बाद मायके पक्ष के लोग भागवानपुर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। मायके पक्ष ने मृतका के पति दीपक, उसकी बहन व मां पर फंदे से लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए दीपक से हाथापायी भी की। पुलिस ने हस्तक्षेप कर लोगों को समझाने की कोशिश करने लगी। काफी देकर के बाद मायके पक्ष के लोग शांत हुए। जानकारी मिलने के काफी देर बाद रात आठ बजे फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को फंदे से उतार कर पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के दो बच्चे है एक सात साल की बेटी और एक तीन साल का बेटा।

पुलिस के अनुसार मृतका की सात वर्षीय बेटे ने बताया कि सुबह मां ने नास्ता बनाकर दिया था और पापा स्कूल छोडने गए थे। पापा के साथ स्कूल से वापस आने के बाद मैंने खाना खाया और सो गई। सो कर उठी तो भाई ने कपडे खराब कर लिए थे तभी दादी जो एक स्कूल में कार्य करती है वह काम पर से आ गई थी। दादी से बोली की भाई के कपडे बदल दें। उन्होंने मां के पास भेज दिया। कमरे में गई तो मां पंखे से लटकी हुई थी। मैं दादी के पास गई और बताया तो दादी ने फोन करके पापा को बताया।

पापा घर ले चलो नहीं तो मार डालेंगे

मृत प्रियंका के पिता ने बताया कि वह सीआरपीएफ में कार्यरत है उन्होंने सात साल पहले बेटी की शादी भगवानपुर निवासी दीपक कन्नौजिया से की थी। शादी से लेकर आज आए दिन दीपक की बहन और उसकी मां प्रियंका को मानसिक प्रताडना देती थी, जिससे प्रियंका काफी परेशान रहती थी। कल गुरूवार को भी परिवार में विवाद हुआ था और जानकारी मिलने पर हम सभी लोग आए थे। प्रियंका ने मुझसे कहा था कि की मुझको घर ले चलो पापा नहीं तो ये लोग मुझको मार डालेंगे और आज उन्होंने उसको मार दिया।

आसपास के लोगों ने बताया कि दीपक के परिवार में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। कल शाम दीपक के ससुराल के लोग भी आए थे।