दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

बरेली। तेज रफ्तार दो बाइकों की भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों व पुलिस की मदद से पीलीभीत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जिला पीलीभीत के थाना अमरिया के गांव बिलासपुर का रहने वाला 21 वर्षीय दीपक पुत्र दुर्गा प्रसाद की मां लक्ष्मी ने बताया कि 2 दिन पूर्व अमरिया अड्डे से सब्जी लेने गया था। तभी अपने दोस्त रमेश के साथ बाइक से वापस घर को आ रहा था। गांव से कुछ दूरी पर दो बाइकों की भिड़ंत में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की मदद से उसे पीलीभीत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत सीरियस होने पर बरेली के जिला अस्पताल में रेफर कर दिया। आज सुबह इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया। दीपक ड्राइवर था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।

इसके अलावा, अपने घर के बाहर बैठे दो व्यक्तियों को बरेली से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस दौरान चालक को दौड़ा कर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा।

मृतक व्यक्तियों के परिजनों को सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बता दें कि मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव गुड़वारा का है। मृतकों की पहचान कमल सिंह (28) पुत्र परमेश्वरी लाल और प्रेम (30) पुत्र जागन लाल के रूप में हुई है।