Wednesday, September 17, 2025
क्षेत्रीय ख़बरेंजॉब-करियरदेश

दीक्षांत परेड के बाद 196 जवान मिले पीएसी को

मुरादाबाद। बीते छह माह से मुरादाबाद के चार प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रशिक्षणरत पीएसी के 196 जवान मंगलवार को कर्मपथ पर आगे बढ़ चले। महानगर के चार प्रशिक्षण केंद्रों पर पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। पीटीसी के एडीजी रवि लोक्कू व पीएसी पश्चिम जोन के आइजी अमित चंद्रा ने कैडिटों को कर्तव्यों का बोध कराते हुए पासिंग आउट परेड की सलामी ली। पासिंग आउट परेड के गवाह कैडेटों के हजारों परिजन बने।

9वीं वाहिनी पीएसी को प्रशिक्षण के लिए कुल 200 जवान मिले थे। एक जवान बीमारी के कारण ट्रेनिंग छोड़कर वापस लौट गया। जबकि 199 जवानों ने छह माह का प्रशिक्षण पूरा किया। परीक्षा में तीन जवान फेल हुए। 196 जवान मंगलवार को दीक्षांत परेड में शामिल हुए। नवीं वाहिनी पीएसी के परेड ग्राउंड में सुबह आठ बजे आरक्षी लाइनअप हो गए। मुख्य अतिथि आईजी अमित चंद्रा ने परेड का निरीक्षण किया। परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने सर्वांग सर्वोत्तम व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को पुरस्कृत किया। 9वीं वाहिनी पीएसी में विजय को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। दीपक सिंह इनडोर और विजय कुमार आउट डोर टॉपर रहे।