कौन हैं वरिष्ठ वकील एपी सिंह जो सीमा हैदर के समर्थन में आए, निर्भया के दोषियों का भी किया था बचाव…

 

पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आई सीमा हैदर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। यूपी एटीएस ने पिछले दिनों सीमा हैदर से कई घंटे तक पूछताछ की और सवाल-जवाब किए। अब सीमा के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील एपी सिंह आ गए हैं।

उन्होंने सीमा का वकील होने का दावा किया है। साथ ही, पूरे मामले को राष्ट्रपति के सामने उठाने की बात कही है। एपी सिंह ने ‘एबीपी न्यूज’ से बात करते हुए कहा कि राष्ट्रपति के पास दया याचिका दायर करेंगे, जिसमें मांग होगी कि उसे जीवनदान दिया जाए।

 

वरिष्ठ वकील ने कहा कि सीमा को पाकिस्तान डिपोर्ट की कोशिश की जा रही है। इससे उसकी और उसके बच्चों की हत्या हो सकती है। उसका चार साल पहले तलाक हो चुका है और फिर उसने नेपाल आकर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सचिन के साथ शादी की। वरिष्ठ वकील एपी सिंह ने मांग की कि रॉ, एनआईए, यूपी एटीएस आदि चाहे किसी से भी उसकी जांच करवा ली जाए। लेकिन उसे यहां रहने दिया जाए। उन्होंने अदनान शामी का जिक्र करते हुए कहा कि इसी आधार पर सीमा को भी भारत की नागरिकता दी जानी चाहिए।

 

आखिर कौन हैं एपी सिंह?

निर्भया गैंगरेप केस में दोषियों की ओर से एपी सिंह ने केस लड़ा था। वह लगभग शुरुआत से ही दोषियों के वकील थे और सबका बचाव कर रहे थे। मार्च, 2020 में विनय कुमार, पवन कुमार समेत सभी दोषियों को फांसी दे दी गई थी। एपी सिंह यूपी के रहने वाले हैं औश्र साल 1997 से वकालत कर रहे हैं। निर्भया केस में दोषियों के लिए केस लड़ने को लेकर उनकी कई बार आलोचना भी की गई थी। हालांकि, उन्होंने इसे पेशे का हिस्सा बताया था। साल 2012 में हुआ निर्भया गैंगरेप केस में देशभर में काफी हंगामा हुआ था। दिल्ली समेत कई राज्यों में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया था। इसके बाद तमाम वकीलों ने दोषियों के केस लड़ने से इनकार कर दिया था। इसके बाद एपी सिंह आगे आए और दोषियों का पक्ष रखने का फैसला किया। हालांकि, फास्ट ट्रैक, निचली अदालत, दिल्ली हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और फिर राष्ट्रपति, सभी से निर्भया के दोषियों को झटका लगा था। इसके बाद चारों दोषियों को फांसी दे दी गई थी।