सीएम योगी गुरू वशिष्ठ बनकर करेंगे श्रीराम का राजतिलक
अयोध्या। दीपोत्सव में इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरु वशिष्ठ की भूमिका में श्रीराम का राजतिलक करेंगे। राम राज्याभिषेक समारोह के लिए रामकथा पार्क राजदरबार की थीम पर सज रहा है।
दीपोत्सव का मुख्य पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा। श्रीराम के आगमन की खुशी में अयोध्या नगरी को परंपरागत तरीके से सजाया जा रहा है। शंख, चक्र, गज, दीप आदि शुभता के प्रतीकों को उकेरा जा रहा है। रामायण के पात्रों के नाम पर यहां तोरण द्वार व रामकथा की थीम पर स्वागत गेट भी बनाए जा रहे हैं, जो शाम होते ही प्रकाशमान हो उठेंगे।
मुख्य मार्ग से लेकर सरयू घाटों को दिव्यता प्रदान करने की कोशिश हो रही है। दीपोत्सव राम की पैड़ी पर होता है और राज्याभिषेक रामकथा पार्क में।