फ्रांस मामले में विवादित बयान देने पर शायर मुनव्वर राणा पर मामला दर्ज

लखनऊ: शायर मुनव्वर राणा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, उनके खिलाफ फ़्रांस मामले में विवादित बयान देने को लेकर हजरतगंज कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने अपने बयान में आतंकी हमले को जायज ठहराया था। इस बयान को लेकर मुनव्वर राणा की सोशल मीडिया पर भी लगातार आलोचना हो रही है।

ये दिया था बयान

एक निजी चैनल से बातचीत में शायर मुनव्वर राणा ने फ्रांस में 16 अक्टूबर को हुए आतंकी हमले को सही ठहराते हुए कहा था, “हमला करने वाले की जगह मैं होता तो भी ऐसा ही करता। किसी को इतना मजबूर न करो कि वह कत्ल करने के लिए तैयार हो जाए। मोहम्मद साहब का कार्टून बनाकर हमलावर को कत्ल करने के लिए मजबूर किया गया। अगर कोई भगवान राम का विवादित कार्टून बनाएगा तो मैं उसका भी कत्ल कर दूंगा।” एक शिकायत के बाद उप निरीक्षक दीपक कुमार ने मुनव्वर राणा के खिलाफ शांति भंत और आई-टी एक्ट में मामला दर्ज किया है.

मोदी पर साधा निशाना

यही नहीं मुनव्वर राणा ने फ्रांस में हुए हमले की निंदा करने पर प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ये राफेल की दरकार है, जो उन्हें ऐसा बयान देना पड़ा।”

अख़लाक़ मामले से जोड़ा

राणा ने ये भी कहा था, “मुसलमानों को चिढ़ाने के लिए फ्रांस में विवादित कार्टून बनाया गया। दुनिया में हजारों साल से ऑनर किलिंग होती है, अखलाक मामले में क्या हुआ, लेकिन तब किसी को तकलीफ नहीं हुई। किसी को इतना मजबूर न करो कि वह कत्ल करने पर मजबूर हो जाए।”

ऐसे शुरू हुआ विवाद

दरअसल पेरिस के पास कॉन्फ्लांस सेन्ट होनोरिन इलाके में एक टीचर ने पिछले महीने क्लास में पैगम्बर मोहम्मद साहब का कार्टून दिखाया था। इसके बाद हमलावर ने 16 अक्टूबर को टीचर की हत्या कर दी थी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने इस घटना को इस्लामी आतंकवाद करार दिया था। हमलावर को पुलिस ने एनकाउंटर में मार दिया था। जिसके बाद से पूरी दुनिया में फ्रांस का विरोध किया जा रहा है।