रामपुर जा रहीं प्रियंका गांधी खुद अपनी कार का शीशा करने लगीं साफ़ Video Viral

मुरादाबाद: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को रामपुर में 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान हादसे में मरने वाले किसान नवरीत सिंह के परिवार से मिलने पहुंची हैं। वहीँ इस बीच रास्ते में उनके काफिले के वाहन आपस में टकरा गए, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। इसी दौरान सोशल मीडिया पर अपनी कार का शीशा साफ़ करते हुए प्रियंका गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
रामपुर जा रहीं थीं
जानकारी के मुताबिक सुबह रास्ते में धुंध थी तो प्रियंका गांधी कार से उतरीं और खुद कार का सामने वाला शीशा अंदर और बाहर से साफ किया। हालांकि चंद मिनट में उनके गार्ड आदि आ गए और उनसे कपड़ा लेकर बाकी शीशा साफ किया। उन लोगों ने प्रियंका से ये कहा भी कि आप छोड़िए मैम तब वह बोलीं कि क्यों नहीं होगा। शीशा साफ करने के बाद उनका काफिला आगे बढ़ा। यह घटना हापुड़ रोड के पास हुई। अब प्रियंका का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दिल्ली हिंसा के दौरान मारे गए किसान के परिजनों को सांत्वना देने कांग्रेस नेताओं के साथ रामपुर जा रहीं महासचिव प्रियंका गांधी के काफिले में चल रही कारें गढ़मुक्तेश्वर में एनएच-9 फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गईं।
अचानक लगा ब्रेक
अचानक ब्रेक लगने से कई कारें क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि प्रियंका गांधी की कार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस दौरान नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और वाहनों को सुरक्षित रवाना किया।