प्रभागीय वन अधिकारी का वाहन चालक खून से लथपथ मिला अपने बिस्तर पर

मुरादाबाद। प्रभागीय वन अधिकारी मुरादाबाद का वाहन चालक शनिवार को तड़के अपने बिस्तर पर खून से लथपथ मिला। घटना स्थल के समीप से पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया। संभावना जताई जा रही है कि देर रात पत्नी से कहासुनी के बाद वाहन चालक ने कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी का प्रयास किया है।

रामपुर जिले के स्वार्थ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सेमरा लाडपुर की रहने वाली मीना सिंह के मुताबिक उनके उनके 50 वर्षीय पति आनंद सिंह वन विभाग में वाहन चालक के पद पर कार्यरत हैं। आनंद सिंह की तैनाती रामपुर स्थित वन विभाग कार्यालय में है। बीते एक साल से आनंद सिंह मुरादाबाद के डीएफओ कार्यालय में संबद्ध है। मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित रामगंगा बिहार फेज टू में वन विभाग का दफ्तर है। दफ्तर के ठीक उपर सरकारी आवास में आनंद सिंह बीते कुछ माह से सपरिवार निवास कर रहे हैं।

शनिवार को सुबह बीना सिंह की नींद टूटी। झाड़ू लगाने के लिए वह पति के कमरे में दाखिल हुईं। फर्श पर नजर पड़ते ही महिला के पांव ठिठक गए। खून से लथपथ आनंद सिंह बिस्तर पर बेसुध पड़े मिले। उनके सिर से टपक रहा खून फर्श पर फैल रहा था। चीख पुकार करते महिला ने छोटे पुत्र विशू को आवाज लगाई। पुत्र ने घटना की जानकारी तत्काल सिविल लाइंस पुलिस को दी। कुछ ही देर में थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल वाहन चालक को तत्काल कांठ रोड स्थित कासमास अस्पताल भेजा। कुछ ही देर में पुलिस की फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल से 315 बोर का एक तमंचा पुलिस ने बरामद किया।

साक्ष्य व नमूने एकत्र करने के बाद पुलिस वाहन चालक की पत्नी से पूछताछ में जुटी। महिला ने बताया कि आनंद सिंह शराब का अत्यधिक सेवन करता था। इसके चलते आए दिन पति पत्नी के बीच तकरार होती थी। शुक्रवार देर रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी से विवाद बाद आनंद सिंह ने खुदकुशी की कोशिश की है। बहरहाल सभी की नजर आनंद सिंह की तबियत पर टिकी है। वाहन चालक की हालत नाजुक है। चिकित्सक उसके सिर का आपरेशन करने में जुटे हैं। बताया जाता है कि गोली दाहिने कनपटी से आर पार हो गई है। घटना के बाबत सिविल लाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में पुलिस आसपास के लोगों से यह पता लगाने में जुटी है कि गोली की आवाज किसी ने सुनी या नहीं। चालक की पत्नी और बेटा गोली चलने की जानकारी से इन्कार कर रहे हैं।