मौसम विभाग की चेतावनी, आज से 5 दिनों तक कई राज्यों में लगातार होगी बारिश

लखनऊ: मानसून और प्री-मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं दक्षिण के बाद अब उत्तर भारत के राज्यों में मानसून की एंट्री होने वाली है। पिछले महीने के आखिर में केरल में मानसून की दस्तक के बाद कई राज्यों में मॉनसून पहुंच चुका है। जबकि, उत्तर भारत के राज्यों में भी प्री मानसून की बारिश हो रही है।

इस बीच उम्मीद की जा रही है कि देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून जल्द दस्तक दे देगा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के 23 जून से 29 जून के बीच मध्य भारत के बाकी हिस्सों और उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिमी मानसून के 27 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है और जून के अंत तक अच्छी बारिश होगी।