दूसरी तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने पीछे से मारी टक्कर, आठ यात्रियों की मौत, 35 से ज्यादा घायल

बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें खड़ी डबल डेकर बस में दूसरी तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने टक्कर मारी। हादसे में करीब आठ यात्रियों की मौके पर मौत हो गई जबकि 35 से ज्यादा यात्री घायल हैं और कइयों की हालत बेहद गंभीर है।

बिहार के सीतामणी से डबल डेकर बस दिल्ली जा रही थी। मौके पर मौजूद पुलिस और रेस्क्यू टीम, राहत व बचाव कार्य जारी है। घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को रेफर किया गया है। इनमें दो की उपचार के दौरान मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की संख्या 8 हो चुकी थी।

लोनीकटरा थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास यह हादसा हुआ है। मुख्यमंत्री ने जनपद बाराबंकी के लोनी कटरा क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया।

 

हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद बाराबंकी के लोनी कटरा क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।