दंगाइयों का साथ देना ही सपा की रीति नीति: ब्रजेश पाठक

वृंदावन। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शुक्रवार को धर्म नगरी वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन और पूजन कर आशीर्वाद लिया। दर्शनोपरांत डिप्टी सीएम पानीगांव पुल सम्पर्क मार्ग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वहीं पत्रकारों से मुखातिब हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की रीति नीति हमेशा से अमन चैन को भंग करने वाले दंगाइयों के साथ देने की रही है। साथ ही तिरंगा और भारत माता के प्रति निष्ठा रखते हुए काम करने का भी सपा में अभाव रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को सफल बनाने के हर घर तिरंगा लहराए जाने के अभियान में समाजवादी पार्टी को भी सहयोग करना चाहिए। वहीं ईडी द्वारा राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी से चल रही पूछताछ को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। इस प्रकार के प्रदर्शन कर कांग्रेसी घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।