आकांक्षा सक्सेना ने जीता तीज क्वीन का ताज
बरेली। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा महिला विंग ने हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया। जिसमें समाजवादी पार्टी के पूर्व ज़िला उपाध्यक्ष संजीव कुमार सक्सेना की पुत्र वधू आकांक्षा सक्सेना ने तीज क्वीन का खिताब जीता। उनको तीज क्वीन का ताज मुख्य अतिथि डॉक्टर पूर्णिमा अनिल ने पहनाया। सपा के पूर्व ज़िला उपाध्यक्ष की पुत्रवधू को तीज क्वीन बनने पर अनेकों बधाईयां मिल रही है।
विजेता संजीव सक्सेना की पुत्र वधु आकांक्षा सक्सेना ने कहा कि तीज का त्यौहार हिन्दू महिलाओं का त्यौहार होता है। तीज का त्यौहार हर वर्ष सावन माह के शुक्ल पक्ष में आता है। तीज के त्यौहार के दिन कुँवारी लड़कियां योग्य वर की प्राप्ति के लिये तीज का व्रत रखती है, और शादीसुदा महिलाएं अपने पति की लम्बी उम्र और उनके जीवन के सभी कष्टो को दूर करने के लिये तीज का व्रत रखती है। सुहागन स्त्रियों के लिए यह व्रत बहुत महत्व रखता है। आस्था, उमंग, सौंदर्य और प्रेम का यह उत्सव शिव-पार्वती के पुनर्मिलन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। चारों ओर हरियाली होने के कारण इसे हरियाली तीज कहते हैं। इस अवसर पर महिलाएं झूला झूलती हैं, लोकगीत गाती हैं और आनन्द मनाती हैं।