बेसहारा गोवंश को संरक्षित करा कर दुर्घटना रोकें- श्याम जी महाराज

मुरादाबाद। राष्ट्रीय गौ रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सड़क तथा हाईवे पर घूम रहे लावारिस गोवंश पशुओं को गोशाला में संरक्षित कराने की मांग की है।

राष्ट्रीय गौ रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम जी महाराज का कहना है कि नवंबर माह यातायात सुरक्षा माह होता है लेकिन बेसहारा गोवंश के सड़कों पर होने से गोवंश की जान के साथ लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। सरकार बेसहारा गोवंश को सड़कों से हटा कर संरक्षित कराए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता गौ रक्षा एवं गौ सेवा के निर्देशानुसार लावारिस गोवंश तत्काल संरक्षित किए जाने चाहिए। सड़कों पर घूम रहे लावारिस गोवंश किसी ना किसी वाहन से टकराकर दुर्घटना हो जाती हैं जिसके कारण गोवंश की जान के साथ लोग भी दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं जिससे वाहनों में भी अच्छा खासा नुकसान हो जाता है। क्षेत्र में अधिक संख्या में लावारिस पशु घूम रहे तथा किसानों की खड़ी फसल को बर्बाद कर रहे हैं जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल्दी बेसहारा गोवंश को संरक्षित नहीं किया गया तो इसकी शिकायत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करेंगे।