गरीबों को ठंड से बचाने के लिए भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही सरकार: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को ठंड से बचाने के लिए कोई काम नहीं कर रही है। शीतलहर ने गरीबों के लिए और ज्यादा मुसीबतें खड़ी कर दी हैं। अस्पतालों, रेल व बस स्टेशनों पर तमाम लोग बिना किसी आश्रय के ठंड में रात भर ठिठुरने को मजबूर हैं। दिन प्रतिदिन बिगड़ते हालात के बावजूद प्रशासकों की संवेदनाएं नहीं जाग रही हैं।अखिलेश ने कहा कि शीत के प्रकोप से कंपकंपाते हजारों लोग प्रदेश में जीवन भरण के लिए संघर्ष में रातें काट रहे हैं। अभी तक प्रशासन की ओर से अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। गरीबों को समय से कंबल बांटने का भी काम शुरू नहीं हो पाया है। जब लोग ठंड से ठिठुरने लगे हैं तब कंबल खरीद का आदेश जारी हो रहा है। यह खरीद कब होगी और इसमें कंबलों की गुणवत्ता का क्या हाल होगा?

राजधानी लखनऊ में नगर निगम और कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं ने चंद रैनबसेरा खोल दिए हैं, जिनमें गिने चुने लोग ही रह सकते हैं। अस्पतालों में बड़ी संख्या में तीमारदार खुले में पेड़ों के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं। कई रैन बसेरों में तो ठंड से बचाव के लिए रजाई-गद्दे भी नहीं मिल पा रहे हैं। लोग खुद अपने कंबल ला रहे हैं।