राहुल के साथ भारत जोड़ो यात्रा में तीनों दिन रहेंगी प्रियंका गांधी, न‍िकाय चुनाव पर फोकस

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तेज होती सियासत के बीच यात्रा की तैयारियां भी तेज कर दी गईं हैं। यात्रा के जरिए प्रदेश में निकाय चुनाव के लिए भी माहौल बनाने का प्रयास कर रही कांग्रेस हर प्रांत के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास भी कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सह प्रभारी धीरज गुर्जर का कहना है कि प्रदेश में यात्रा के दौरान तीनों दिन राहुल गांधी के साथ राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा भी शामिल होंगी। पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह के अनुसार प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को अवध, पूर्वांचल, बुंदेलखंड व प्रयाग प्रांत के पदाधिकारियों के अलावा लोकसभा चुनाव 2019 व विधानसभा चुनाव 2022 के कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिसमें राष्ट्रीय सचिव प्रभारी सत्यनारायण पटेल व नीलांशू चतुर्वेदी, प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे, वीरेन्द्र चौधरी, अनिल यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह, संगठन सचिव अनिल यादव, प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह, कोषाध्यक्ष शिव पांडेय व मीडिया संयोजक अशोक सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी यात्रा की सफलता के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया।