चेतावनी: कड़ाके की सर्दी में मनेगा साल का जश्न, मौसम विभाग की चेतावनी

लखनऊ। नए साल का जश्न इस बार कड़ाके की ठंड के साथ होगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इसके लिए वायुमंडलीय परिस्थितियां तैयार हो रहीं हैं। मौसम विज्ञानी डॉ. राम पलट सिंह के मुताबिक दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत का तापमान वर्तमान तापमान से तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान है। पश्चिमोत्तर में अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बनकर तैयार है,27 दिसंबर तक यह हिमालय के पश्चिमी क्षेत्र यानी जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान तक पहुंचेगा। इसके चलते वहां हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होगी। बारिश की नमीं और बर्फ की ठंड लेकर पछुआ हवाएं पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेंगी। इसके चलते अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वर्तमान में अधिकतम 21.8 और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस की बीच है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पछुआ हवाओं की रफ्तार सात से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की संभावना है। दोपहर में पूर्वी हवाएं चल रहीं हैं, जो बंगाल की खाड़ी की ओर से नमी लेकर आ रही हैं। उच्च वायुदाब के चलते यह नमीं कोहरे में बदल रही है। कोहरे और ठंड में ट्रेनों का देरी से आने का सिलसिला जारी है।