नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयन्ती पर पथ संचलन

बरेली। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की जयन्ती के शुभवसर पर स०शि०म० नैनीताल मार्ग, बरेली में भव्य झाँकियों के साथ पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन का शुभारम्भ पूर्वाह्न 11.30 बजे डॉ अनिल गर्ग ने हरी झण्डी दिखाकर किया। विद्यालय का सेनापति भैया छोड़े पर सबसे आगे, उसके बाद रानी लक्ष्मी बाई की वाहिनी, सरदार भगत सिंह वाहिनी, घोष वाहिनी, वीर अभिमन्यु वाहिनी, अहिल्याबाई वाहिनी, नेताजी सुभाषचन्द्र वाहिनी, अहिल्याबाई वाहिनी आदि रहीं। सबसे पीछे भारतमाता की झांकी गाड़ी पर सुशोभित थी। संचलन पथ विद्यालय से निकलकर कुदेशिया फाटक अण्डर पास से होता हुआ नैनीताल रोड, किटश कालोनी, शास्त्रीनगर मोहल्ले से गुजरता हुआ विद्यालय में आकर सम्पन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के महान कार्यों पर प्रकाश डाला। संचलन मे विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया। संचलन का नेतृत्व रामकिशोर तथा अन्य सभी आचार्यों ने किया।