यूपी के तीन शिक्षकों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है। इस बार 50 शिक्षकों को पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसमें यूपी के तीन शिक्षक चुने गए हैं।

 

प्रदेश के सम्मानित होने वाले शिक्षकों में बुलंदशहर के शिव कुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज के शिक्षक चंद्र प्रकाश अग्रवाल और फतेहपुर के प्राइमरी स्कूल अस्ती नगर की शिक्षिका आसिया फारुखी और सीबीएसई स्कूल मेरठ से सुधांशु शेखर पांडा हैं। इन शिक्षकों को पांच सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रपति सम्मानित करेंगी।

 

 

 

50 गुरुजनों को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

 

नई दिल्ली : शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की घोषणा कर दी है। इस बार पुरस्कार के लिए 50 शिक्षकों का चयन किया गया है। शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में इन शिक्षकों को सम्मानित करेंगी। राष्ट्रपति शिक्षकों को 50,000 रुपये का चेक, रजत पदक व प्रमाण पत्र प्रदान करेंगी।

 

 

पुरस्कार के लिए मध्यप्रदेश के पांच, बिहार और उत्तर प्रदेश के तीन-तीन, पंजाब और दिल्ली के दो- दो शिक्षकों का चयन किया गया है। राजस्थान और झारखंड के भी दो- दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान लिए उनकी सराहना करना है जिन्होंने स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, और कड़ी मेहनत से अपने छात्रों के जीवन को समृद्ध बनाया है।