कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा 20 तक होने के आसार

 

 

कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा अब 20 सितंबर तक होने की संभावना जताई जा रही है। माना यह भी जा रहा है कि यह घोषणा प्रदेश प्रभारी का नाम तय होने के बाद होगी। कांग्रेसियों को इस कार्यकारिणी का इंतजार इसलिए भी है क्योंकि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी 10 महीने में भी अपनी कार्यकारिणी का गठन नहीं कर पाए थे।

कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्यभार संभालते ही सितंबर के पहले हफ्ते में अपनी कार्यकारिणी की घोषणा होने का स्पष्ट संकेत दिया था। हालांकि इस घोषणाा के इंतजार में अब दूसरा हफ्ता भी बीतने को है। इस बीच सूत्रों से जानकारी मिली है कि पार्टी पहले यूपी के प्रभारी का नाम तय करना चाहती है।

 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की बड़ी भूमिका को देखते हुए उनकी जगह किसी अन्य को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दी जाएगी। देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए स्टार प्रचारक के रूप में उनकी काफी व्यस्तता रहेगी। ऐसे में उनकी जगह किसी अन्य कद्दावर नेता को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद से प्रियंका गांधी की यूपी में सक्रियता काफी कम हुई है।