जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला

मुरादाबाद। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “बार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही है, आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है। 2 साल पहले किसान आंदोलन कर रहे थे, आज भी किसान आंदोलन कर रहे हैं। तब भी उनकी सुनवाई नहीं थी आज भी नहीं है। जब-जब इनका बुलडोजर चलता है तो किसके घरों में चलता है? जिसने 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला क्या उसके घर पर बुलडोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला?

यूपी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा चरण मुरादाबाद से शुरू हो चुका है। शनिवार को राहुल के साथ कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जामा मस्जिद चौराहे से यात्रा प्रारंभ की है। साथ ही राहुल ने बच्चे को जीप पर बैठाकर सवाल पूछे। मुरादाबाद प्रियंका की ससुराल है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश सिंह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई कांग्रेसी नेता भी यात्रा में चल रहे हैं। यात्रा एसपीजी के घेरे में चल रही है। सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संभल चौराहे पर राहुल गांधी जनसभा करेंगे। यात्रा अमरोहा होते हुए संभल जाएंगी।

संभल से यात्रा बुलंदशहर को रवाना होगी। इसके बाद शनिवार शाम को बुलंदशहर के डिबाई में यात्रा का विश्राम होगा।बुलंदशहर के आगे 25 फरवरी को राहुल की न्याय यात्रा अलीगढ़, हाथरस होते हुए आगरा पहुंचेगी। यहां यात्रा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी पहुंच रहे हैं। आगरा में इस यात्रा में शामिल होंगे। प्रियंका गांधी भी फतेहपुर सीकरी लोकसभा तक भाई राहुल गांधी के साथ रहेंगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जामा मस्जिद चौराहे से प्रारंभ होकर इंदिरा चौक, भूड़ा का चौराहा होते हुए डबल फाटक, कारूला और कोहिनूर तिराहे पर पहुंचेगी। यात्रा अमरोहा के लिए प्रस्थान करेंगी।

। राहुल व प्रियंका के लिए तैनात रहेगी चिकित्सकों की टीम महानगर में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की यात्रा के दौरान चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। दोनों की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। इस दौरान राहुल व प्रियंका गांधी के ब्लड ग्रुप का ब्लड व सभी जरूरी दवाओं के साथ उनके कार्यक्रम में मेडिकल टीम मौजूद रहेगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह व जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. संगीता गुप्ता ने इसकी जानकारी दी है।