होली पर घर जाने वाले यात्रियों को सुविधा

 

होली पर घर जाने वाले यात्रियों को सुविधा देने के लिए रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का ठहराव अलीगढ़ में होगा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि होली पर गाड़ी संख्या 04145/ 04146 सूबेदारगंज-आनंद विहार सुपरफास्ट विशेष ट्रेन को अप में 20 मार्च से एवं डाउन में 21 मार्च से चलाया जाएगा। ट्रेन सूबेदारगंज से रात्रि 09:30 बजे चलेगी। जो कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला के रास्ते अलीगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद सुबह आठ बजे आनंद विहार स्टेशन पहुंचेगी। आनंद विहार से सुबह 11:25 बजे चलकर अलीगढ़ पहुंचेगी। दिल्ली से अलीगढ़ के मध्य ईएमयू स्पेशल होली ट्रेन भी संचालित की जाएगी। अन्य स्टेशनों से भी अतिरिक्त ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। उधर, रोडवेज अफसरों ने 22 मार्च से दिल्ली-कानपुर रोड पर बसें संचालित करने का निर्णय लिया है।