बिजनौर पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ फहीम एटीएम मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही जख्मी

मुरादाबाद। पश्चिम यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के अलावा दक्षिण भारत के कई शहरों में सर्राफा कारोबारियों में आंतक का पर्याय बना फहीम एटीएम गुरुवार रात मुठभेड़ के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके खिलाफ देश के विभिन्न थानों में दो दर्जन से भी अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। वह बिजनौर पुलिस की आंख में धूल झोंक कर फरार हुआ था।  फहीम की गिरफ्तारी पर बरेली जोन के डीआइजी राजकुमार ने बुधवार को ही एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था।

  1. ईनाम राशि बढ़ने के दूसरे ही दिन पाकबड़ा पुलिस को फहीम एटीएम का लोकेशन मिल गया। मुखबिर की मदद से फहीम तक पुलिस पहुंच गई। फहीम को उसके छोटे भाई के घर के पास पुलिस ने घेर लिया। ललकारने पर शातिर बदमाश ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फहीम के दाहिने पैर में गोली लगी।

गोली लगते ही फहीम जमीन पर गिर पड़ा। पाकबड़ा पुलिस ने कुख्यात बदमाश को दबोच लिया। मुठभेड़ में सिपाही प्रभात पुंडीर भी जख्मी हुआ है।

फहीम एटीएम मुरादाबाद समेत पश्चिम यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के अलावा दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में सराफा का कारोबार करने वालों के बीच आंतक का पर्याय है।