कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कोरोना पॉजिटिव, खुद ट्वीट कर दी जानकारी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर ये जानकारी दी है। प्रियंका ने बताया कि वे फिर कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। उन्होंने बताया कि वे घर पर ही आइसोलेट हो गई हैं और सभी प्रोटोकॉल का पालन करेंगी। वहीं राहुल गांधी भी अस्वस्थ बताए जा रहे हैं और उन्होंने अपना अलवर दौरा टाल दिया है। प्रियंका गांधी दो महीने में दूसरी बार कोरोना संक्रमित हुई हैं। इससे पहले वे 3 जून को कोरोना पॉजिटिव हुई थीं। तब उनकी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। प्रियंका ने तब ट्वीट कर कहा था कि हल्के लक्षण के बाद कोरोना टेस्ट कराया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. हालांकि, तब भी वे घर पर ही आइसोलेट हुई थीं और उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों से एहतियात बरतने के लिए कहा था।