Wednesday, September 17, 2025
उत्तर प्रदेशक्षेत्रीय ख़बरेंदेशयुवा-प्रतिभा मंच

तिरंगा आजादी की लड़ाई के साथ हर भारतीय के स्वाभिमान का प्रतीकः कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी

उमेश लव, मुरादाबाद : आजादी के अमृत महोत्सव की पावन बेला में सामाजिक सरोकार में शामिल लोहिया ग्रुप भी शामिल हो गया है। वही लोहिया ग्रुप जो दुनियाभर में पीतल एक्सपोर्ट के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रिम है।

शनिवार को लोहिया ग्रुप की लाकड़ी फाजलपुर स्थित डिजाइनको फैक्ट्री में आजादी के अमृत महोत्सव पर भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश सरकार के पंचायत मंत्री (कैबिनेट) चौधरी भूपेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया तो डिजाइनको फैक्ट्री प्रांगण के साथ-साथ आसपास का क्षेत्र भी भारत माता की जय घोष से गुंजायमान हो गया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा तिरंगा देश की आजादी के प्रतीक के साथ साथ हर भारतीय का स्वाभिमान है और यही कारण है की तिरंगा हमें सत्य निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रेरित करता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा इस 15 अगस्त पर देश की आजादी को 75 साल पूरे होने जा रहे हैं और यह हमारा परम सौभाग्य है कि हम और आप आजादी के दौर में पैदा हुए लेकिन हमारा यह तिरंगा उस हर भारतीय की आजादी की लड़ाई का प्रतीक है जिसको लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत से लगातार लड़ाई लड़ी और हमें स्वतंत्रता दिलाई।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि कभी भारत में दूध की नदियां बहती नहीं भारत दुनिया में विश्व गुरु चलाता था आज फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त हो रहा है और विश्व गुरु बनने की तरफ अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार का लक्ष्य एक जिला एक उत्पाद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को निर्यात के क्षेत्र में भी आगे पहुंचाना है और इसके लिए निर्यातकों की समस्याओं को भी दूर किया जा रहा है ताकि उत्तर प्रदेश निर्यात के क्षेत्र में अग्रिम हो सके। साथ ही, उन्होंने कहा योगी सरकार श्रमिकों का भी विशेष ख्याल रख रही है और उनके उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। असंगठित क्षेत्रों के श्रमिकों के लिए इ श्रमिक कार्ड बनाए जा रहे हैं ताकि उन्हें आपात स्थिति में आर्थिक दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।

इससे पूर्व डिजाइनको प्राइवेट लिमिटेड के मालिक वीके गुप्ता (लोहिया) ने कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह व अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए हर घर तिरंगा अभियान के तहत श्रमिकों को डिजाइनको की तरफ से तिरंगे वितरित किए जा रहे हैं ताकि कोई भी घर वंचित ना रहे।

इस मौके पर भाजपा विधायक रितेश गुप्ता, शिक्षक विधायक डॉ जयपाल सिंह व्यस्त, उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ विशेष गुप्ता, लोहिया ग्रुप के मालिक विनीत लोहिया, विभोर लोहिया, विपिन लोहिया के अलावा तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सुरेश जैन, निर्यातक महेश अग्रवाल, अवधेश अग्रवाल, रितु नारंग समेत तमाम गणमान्य मौजूद रहे। संचालन प्रदीप शर्मा ने किया।

हर हाथ में तिरंगा और लब पर भारत मां की जय जयकार

शनिवार को डिजाइन को फैक्ट्री में अद्भुत दृश्य था फैक्ट्री का एक-एक श्रमिक हाथों में तिरंगा लिए हुए था और कुछ कुछ देर के बाद भारत माता की जय भारत माता की जय के जय घोष कर रहा था और इससे डिजाइन को फैक्ट्री ही नहीं बल्कि लाकडी फाजलपुर स्थित संपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र तिरंगों से पटा हुआ था अर्थात हर फैक्ट्री और हर एक दुकान पर तिरंगा ही तिरंगा लहरा रहा था

एनसीसी क्रेडिट में भी दिखा गजब का उत्साह
डिजाइनको फैक्ट्री में आजादी के अमृत महोत्सव में एनसीसी क्रेडिट भी थे। इनके हाथों में तिरंगे थे और सभी की जुबां पर बस एक ही तराना था… मेरी जान तिरंगा है, मेरी शान तिरंगा है। मन में उठ रहे देशभक्त के ज्वार को सभी अपने-अपने तरीके से प्रकट कर रहे थे।

ऊर्जा, जोश और देश प्रेम का प्रतीक है स्वतंत्रता दिवसः डॉ.विशेष गुप्ता

उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण अधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ विशेष गुप्ता ने नेशनल एक्सप्रेस से कहा कि हर देशवासी के लिए स्वतंत्रता दिवस ऐसा पर्व हैं, जो न केवल खुशी देता है, बल्कि हम सभी को ऊर्जा, जोश और देश प्रेम से ओत-प्रोत कर देता है। इसमें जब 75वीं वर्षगांठ को मनाने का अवसर मिल रहा है तो इसे यादगार बनाने में कोई कमी न छूटे।

अमृत महोत्सव को यादगार बनाएं घर पर तिरंगा कराएं: रितेश गुप्ता

नगर विधायक रितेश गुप्ता ने नेशनल एक्सप्रेस से कहा कि स्‍वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मनाने का अवसर हमें मिल रहा है, इससे बढ़कर और क्या हो सकता है। हम सभी अमृत महोत्सव को यादगार बनाने के लिए जो सकते हैं, वह अवश्य करें। घर पर तिरंगा फहराएं।

हर भारतीय के मन में देश‍भक्ति का ज्‍वार : डॉ. व्यस्त

शिक्षक विधायक डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्‍सव के चलते देश भर में घर-घर तिरंगा फहराए जा रहे हैं। हर भारतीय के मन में देश‍भक्ति का ज्‍वार उड़ रहा है। लोहिया ग्रुप के इस महा आयोजन में लोगों में देश प्रेम देखते ही बन रहा था। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करते हैं।