जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें : मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा

बरेली। मंत्री नगर विकास, नगरीय रोजगार, गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत अरविन्द कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधिगणों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। राज्य मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, राज्य मंत्री वन एवं पर्यावरण (स्वतंत्र प्रभार) डा अरूण कुमार, सांसद संतोष कुमार गंगवार, जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश उपस्थित रहे।
एके शर्मा ने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ जनता को मिले यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराते हुये, उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध करायी जाये। ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग के अधिकारियों की अधिक शिकायत मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यशैली में सुधार हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मा0 जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। माननीय जनप्रतिनिधिगणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं के विषय में जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष बिजली उत्पादन डेढ़ गुना ज्यादा सप्लाई हो रही है। चूंकि इस वर्ष वर्षा कम होने के कारण कृषि क्षेत्र में बिजली की ज्यादा मांग बड़ी है। इसके कारण किसानों को बिजली सप्लाई में दिक्कत आ रही है। मंत्री ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि पुराने वाले सब स्टेशन तथा फीडर का लोड कम करने के लिए नए वाले सब स्टेशन व फीडर में जोड़कर समस्या का निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के विद्युत बिलों में कम बढ़ की शिकायतें आ रही हैं, उनमें सुधार लाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बिना सूचित किए विद्युत कनेक्शन न काटे जाएं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि दोबारा ऐसी शिकायत मिली तो विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी के सख्त कार्यवाही की जाएगी। मंत्री ने बीडी उपाध्यक्ष को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक कर सड़कों के किनारे ग्रीन बेल्ट की समस्या को आपस में चर्चा करके निस्तारण किया जाए। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि सुबह की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। मंत्री ने जनपद के अन्तर्गत लगभग 41.685 करोड़ रुपए की धनराशि के 86 कार्यों का लोकार्पण किया और लगभग 23.989 करोड़ रुपए की धनराशि के 33 कार्यों का शिलान्यास भी किया। मा0 मंत्री जी ने पीएम स्वनिधि योजना के अन्तर्गत 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण किया।