भारत जोड़ो यात्रा : कांग्रेस अध्यक्ष को किया घर पर नजरबंद, कार्यकर्ताओं को रोका अंबेडकर पार्क में

मुरादाबाद। कांग्रेस की भारत जोड़ यात्रा शहर में जिला प्रशासन ने नहीं निकलने दी। पुलिस ने महानगर अध्यक्ष को घर में बंद कर दिया और अंबेडकर पार्क में पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने पार्क में रोक लिया। भारत जोड़ो यात्रा को रोके जाने से खफा कांग्रेसियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके नाराजगी का इजहार किया। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को निकम्मा करार दिया है।

कांग्रेसियों ने जताई प्रशासन से नाराजगी

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार को शुरू हो गई है। इसी क्रम में महानगर कमेटी ने अंबेडकर पार्क से राजकीय इंटर कालेज तक भारत जोड़ो यात्रा निकालने का प्लान बनाया था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता असद मौलाई ने बताया कि महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा को सुबह घर में रोक लिया। पुलिस ने महानगर अध्यक्ष को अवगत कराया कि शहर में निषेधाज्ञा लगी हुई है इसलिए आप यात्रा नहीं निकाल सकते हैं। असद मौलाई ने बताया कि कांगे्रसी अंबेडकर पार्क करीब साढ़े ग्यारह बजे पहुंच गए थे और यात्रा के लिए बाहर निकले तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कांगेसियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ करीब आधा घंटा नारेबाजी की। असद मौलाई ने कहा है कि प्रशासन ने पक्षपात किया है जबकि रोजाना जलसे और जुलूस निकाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अहिंसावादी पार्टी है और यही कांग्रेस का इतिहास है। हैरानी है कि प्रशासन एक जुलूस की सुरक्षा भी नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा की परमीशन भी मांगी गई थी जिसे प्रशासन ने नहीं दिया। पदयात्रा में आनंद मोहन गुप्ता, अनुराग शर्मा, अनिल गुर्जर, अफसर अंसारी, नाजिम परवेज, विजय मिश्रा, मो. तस्लीम, दानिश कुरैशी आदि शामिल रहे।