पंजाब ले जाई जा रही साढ़े 5 किलो अफीम के साथ पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

बरेली। फरीदपुर से स्कॉर्पियो कार से पंजाब ले जाई जा रही करीब साढ़े 5 किलो अफीम के साथ पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। अफीम की कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज विश्व देव सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि बरेली के फरीदपुर से पंजाब की ओर हरियाणा नंबर की सफेद रंग की स्कार्पियो स्कॉर्पियो में अफीम की खेप ले जाई जा रही है। सूचना सीओ सेकंड को दी गई। सूचना पर सीओ सेकेंड आशीष प्रताप सिंह व परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज विश्व देव सिंह, उप निरीक्षक हर सिंह पाल, हेड कांस्टेबल रूपेंद्र सिंह कांस्टेबल, सुमित चौधरी, कपिल के द्वारा बड़ा बाइपास पर क्राइम ब्रांच ऑफिस के समीप घेराबंदी कर दी गई।

इसी दौरान एक सफेद रंग की हरियाणा नंबर की गाड़ी आते दिखाई पड़ी। गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो तस्करों ने भागने का प्रयास किया, मगर वह सफल नहीं हो सके। पुलिस ने गाड़ी को रुकवा लिया। गाड़ी में बैठे फरीदपुर के पडेरा गांव निवासी राजीव कुमार गुप्ता व नवादावन फरीदपुर के दलविंदर को पुलिस ने पकड़ लिया।

गाड़ी की तलाशी के दौरान साढ़े 5 किलो अफीम बरामद हुई। जिसकी कीमत 9 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने बताया कि यह अफीम वह पंजाब में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियो के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।