यूपी विधान मंडल का मानसून सत्र शुरू कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। 18वीं विधानसभा के दूसरे सत्र में सत्ता पक्ष ने शांति से सत्र चलाने का अनुरोध किया है, वहीं विपक्ष ने महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार घेरने का ऐलान किया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि सत्र के पहले दिन दिवंगत सदस्य को श्रद्धांजलि दी जाएगी और 20 सितंबर को तीन सदस्यों को जन्मदिन की बधाई दी जाएगी। इसके अगले दिन दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और 22 सितंबर को प्रश्नकाल के बाद का समय महिला सदस्यों को चर्चा के लिए आरक्षित रहेगा, जो कि देश की सभी विधानसभाओं से अनूठा होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 सितंबर से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र से पूर्व रविवार को भाजपा और सहयोगी दलों के विधानसभा एवं विधान परिषद सदस्यों को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा, “इस बार के मानसून सत्र में हमने 22 सितंबर का दिन दोनों सदनों की महिला सदस्यों के लिए आरक्षित रखा है। देश की किसी विधानसभा में ऐसा पहली बार हो रहा है। उस दिन विधानसभा की 47 और विधान परिषद की 6 महिला सदस्य ही अपना विषय रखेंगी।”