यूपी में अब शनिवार और रविवार को Weekend Lockdown, जानिए क्या खुलेगा ? क्या रहेगा बंद

मुरादाबाद: प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों को लेकर स्थिति दिन ब दिन बिगडती जा रही है। यही नहीं सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पांच सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में पूर्णतया लॉकडाउन लगाने के लिए कहा था, लेकिन प्रदेश सरकार ने इसे नकार दिया और आज सरकार ने अब शनिवार और रविवार को पूरे प्रदेश में लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया है। इसमें आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहेंगी।

ये था नियम

यहां बता दें कि इससे पहले प्रदेश में रविवार को ही लॉकडाउन का नियम थ और जिन शहरों में दो हजार से अधिक केस निकल रहे थे वहां रात आठ बजे से सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू के आदेश थे। लेकिन मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन का निर्णय लिया है। इसमें आपात सेवाओं के साथ आम आवश्यकता की सभी चीजें चालू रहेंगी। ताकि लोगों को दिक्कत न झेलनी पड़े।

एकाएक बढ़े केस

मार्च के अंतिम सप्ताह से प्रदेश समेत देश में कोरोना मरीजों का ग्राफ लगातार तेजी से बढ़ रहा है। कई शहरों में मरीजों के मुकाबले स्वास्थ्य सेवाएँ पूरी तरह चरमरा गयीं हैं। हालात ये हैं कि ऑक्सीजन समेत जरुरी दवाओं का भी टोटा हो गया है। लिहाजा सरकार को लॉकडाउन का निर्णय लेना पड़ा। इससे पहले सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने छह दिन का लॉकडाउन लगाने क ऐलान किया। जिसके बाद प्रवासी मजदूरों का दिल्ली से पलायन शुरू हो गया है।