गोपाष्टमी पर श्रद्धालुओं ने किया गौ माता का पूजन

मुरादाबाद। गोपाष्टमी के पर्व पर गौ भक्तों ने सादकपुर खिचड़ी एवं कान्हा गौशाला ऊमरी कलां पहुंचकर गौ माता का पूजन कर उन्हें गुड़, चना, हरा चारा आदि का भोग अर्पित किया।

आज गोपाष्टमी के पावन पर्व पर सादकपुर खिचड़ी और नगर पंचायत उमरी कला स्थित कान्हा गौशाला में गो पूजन विधि विधान एवं परंपरा के साथ किया गया यहां गोवंश को भोज्य पदार्थ भी अर्पित किए गए।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौ सेवा गतिविधि जिला सह संयोजक विकास शर्मा के नेतृत्व में गोपाष्टमी के पावन पर्व पर सादकपुर खिचड़ी स्थित गौशाला एवं नगर पंचायत ऊमरी कलां स्थित कान्हा गौशाला में गौ सेवकों द्वारा विधि विधान के साथ गौ माता की पूजा अर्चना कर उन्हें तिलक एवं फूल मालाएं पहनाई गयी। पूजा अर्चना के बाद भोज्य पदार्थ के रूप में गुड़, केला, चोकर आदि अर्पित किया गया। यहां अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष भावेश शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संकल्प कराया और कहा कि गाय इस विश्व की माता के रूप में प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि गाय के भीतर 33 कोटि देवी देवताओं का समावेश है इसलिए सभी को गौ माता का पूजन और उन्हें भोज्य पदार्थ अवश्य खिलाना चाहिए। ऐसा करने से सभी नवग्रह नियंत्रित हो जाते हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अनुज विश्नोई, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क प्रमुख विशाल जी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आदित्य गोयल, फार्मासिस्ट धर्मपाल और गौशाला कर्मियों ने पूरे भाव के साथ गोवंश की सेवा की और सभी से गौ माता की सेवा के लिए अपील की गई।