किला पुल पर आया क्रैक, भारी वाहन चलने पर लग सकती है रोक

बरेली। मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने बुधवार को किला पुल का निरीक्षण किया। बता दें कि गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे के बाद उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री ने पुलों का सर्वेक्षण कराया है। निरीक्षण के दौरान पता चला कि बरेली के किला पुल पर क्रैक है। फुटपाथ पर इसकी सरिया भी दिखने लगी है। सुरक्षा कारणों से अब इस पुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद किया जाएगा। यह बात बरेली मंडल की आयुक्त संयुक्ता समद्दार ने बताई। वे बुधवार को 40 साल पुराने किला पुल का निरीक्षण कर रही थीं।

गुजरात पुल हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने प्रदेश के पुराने पुलों की हालत पर रिपोर्ट तलब की है। इसी क्रम में मंडलायुक्त ने पुल का निरीक्षण किया था। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पुल जर्जर है। इसकी मरम्मत के लिए 5 करोड़ रुपए का स्टीमेट भेजा गया है और वह इसे शीघ्र जारी करवाने के लिए पत्र शासन भेजेंगी।