कांठ मंडी समिति में एक महीने बाद सौ कुंतल धान की हुई ख़रीद

मुरादाबाद।  धान खरीद वर्ष 2022-23 के अंतर्गत कांठ उप मंडी समिति के दोनों धान क्रय केंद्रों पर मंगलवार को क्षेत्र के किसानों ने लगभग 100 कुंतल धान तुलवाया है। एक अक्टूबर से पांचो क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू की गई थी परंतु 1 महीने तक धान क्रय केंद्रों पर धान न आने से क्रय केंद्र प्रभारियों में मायूसी छाई हुई थी।

इस बार शासन के निर्देश पर कांठ तहसील क्षेत्र में उप मंडी समिति में खाद्य विभाग के दो, ग्राम रायपुर खुर्द स्थित सहकारी समिति,कुचावली सहकारी समिति, और मोड़ी में एक-एक धान खरीद केंद्र एक अक्टूबर से संचालित किया गया है। इन पांच केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं लेकिन एक महीने बाद कांठ उप मंडी समिति में लगभग 100 कुंतल धान खरीद की गई है। मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुनील त्यागी ने बताया कि लगभग 350 किसानों ने अब तक धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिए हैं। मंगलवार को मंडी समिति में लगभग 100 कुंटल धान खरीद की गई है। पर्याप्त मात्रा में बोरे, नमी मापन मशीन, छलना, आदि व्यवस्था किसानों के लिए उपलब्ध है। 31 जनवरी 2023 तक किसानों से सभी सरकारी केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी। सरकार द्वारा इस बार सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2040 और ए ग्रेड 2060 निर्धारित किया है।