दुनिया भर में मनेगा दीपोत्सव, मंदिरों के साथ घर-घर में होंगे अनुष्ठान
विश्वहिंदू परिषद के देश भर के शीर्ष पदाधिकारी दो दिन से अयोध्या में जुटे हैं। विहिप के केंद्रीय टोली की बैठक में शनिवार को रामलला की प्राणप्रतिष्ठा को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई, महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने पर मंथन हुआ। जिस दिन रामलला अपने नए मंदिर में विराजेंगे उस दिन पूरी दुनिया में दीपोत्सव मनेगा। मठ-मंदिर घर-घर में अनुष्ठान होगा। पूरा विश्व महोत्सव का साक्षी बन सके इसलिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम को संपूर्ण विश्व में आनंदोत्सव के रुप में मनाया जाएगा। बताया कि राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम जन-जन, हर राम भक्त का कार्यक्रम बने देश ही नहीं विदेशों में निवास करने वाले भी इस महाउत्सव में सहभागी हों इसके लिये ही संगठन की दो दिवसीय बैठक रामनगरी में आयोजित की गयी है।
देश भर के मठ-मंदिरो में प्राण प्रतिष्ठा की तिथि पर पूजन-पाठ, यज्ञ-हवन, आरती होगी साथ ही हर घर रामभक्त रात में पांच दीपक अवश्य जलाएंगें और करोड़ों भक्तों के बीच प्रसाद वितरण भी होगा। बताया कि पूरे देश में बड़ी स्क्रीन पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे पूरी दुनिया महोत्सव की साक्षी बन सकेगी।