Tuesday, July 15, 2025
दुर्घटनादेशराजनीति

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी,राज्य में हुई तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग

 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर हिमाचल में भारी बारिश से हुए नुकसान और भूस्खलन को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करने की मांग की है। प्रियंका गांधी ने लिखा कि साल 2013 में केदारनाथ त्रासदी की तरह हिमाचल आपदा को भी राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाना चाहिए। अनुमान है कि भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से राज्य को करीब साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

 

 

चिट्ठी में प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है और साथ ही राज्य के पुनर्निर्माण की भी अपील की है। बता दें कि भारी बारिश और बाढ़ के चलते हिमाचल के कुल्लू और मंडी जिलों में भारी तबाही हुई। प्रियंका गांधी ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था।

 

चिट्ठी में उन्होंने लिखा कि ‘हिमाचल देवभूमि होने के साथ ही सच्चे, सीधे-सादे और मेहनती लोगों की धरती है। हिमाचल की आपदा को केदारनाथ त्रासदी की तरह राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए और पीड़ितों को आर्थिक मदद दी जाए।’ बता दें कि हिमाचल को इस तबाही से करीब 8,679 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। मानसून के दौरान 165 भूस्खलन, 72 बाढ़ की घटनाएं हुईं। भूस्खलन से 111 लोगों की मौत हुई। इनमें से 94 कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिले में हुईं।