Wednesday, September 17, 2025
उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

सरकारी एजेंसियों पर है भाजपा का कब्जा: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव झांसी जेल में तीन माह से बंद पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व विधायक से आधा घण्टा बातचीत की। इसके बाद अखिलेश यादव मीडियाकर्मियों से रूबरू हुए।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर विफल भाजपा की सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल में डाल रही है,सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी, महंगाई, अत्याचार, अपराध चरम पर है। अपनी इन्हीं नाकामियों को छिपाने के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार विपक्षी नेताओं पर मुकदमे लिखकर उन्हें जेल पहुंचा रही है। आठ साल की भाजपा सरकार ने भारत के बाजार को चीन के हवाले कर दिया है, यही वजह है कि सरकार अब सदन में इस मुद्दे से भाग रही है।अखिलेश ने कहा कि आज सभी सरकारी एजेंसियों को भाजपा ने अपने कब्जे में कर रखा है, जिससे जो चाहे काम लिया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सरकार के दबाव में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि मेरी कई बार अधिकारियों से बात हुई तो वह कहते हैं कि हम दबाव में कार्यवाही कर रहे हैं।