उत्तर प्रदेश की 14 हारी हुई लोक सभा सीटों को 2024 में जीतने के लिए भाजपा ने तैयार क‍िया मास्‍टर प्‍लान

अगले साल होने वाले आम चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की सभी लोक सभा सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। तीसरी बार केंद्र में काबिज होने की तैयारी में जुटी भाजपा अपने सपने को साकार करने के लिए उन सभी लोक सभा सीटों पर फोकस कर रही हैं जो उसकी गिरफ्त में नहीं हैं। पार्टी प्रदेश की उन 14 लोकसभा सीटों पर विशेष तौर पर ध्यान केंद्रित कर रही है जो उसके कब्जे में नहीं हैं।राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद भाजपा की इन सीटों पर फोकस बढ़ाएगी। केंद्रीय मंत्रियों और पदाधिकारियों के प्रवास कार्यक्रम बढ़ेंगे। फिलहाल पार्टी का ध्येय इन 14 सीटों की कमजोर कड़‍ियों को चिह्नित करते हुए उन्हें दूर कर पार्टी की जीत के लिए मजबूत किलाबंदी करना है। लोक सभा की इन 14 सीटों को लेकर भाजपा की गंभीरता का अंदाज इससे लगाया जा सकता है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने कार्यकाल को विस्तार मिलने के तुरंत बाद 20 जनवरी को गाजीपुर जा रहे हैं।