सड़क हादसे को देख रहे लोगों को जगुआर कार ने रौंदा, 9 की मौत, 13 घायल गुजरात के

अहमदाबाद: अहमदाबाद जिले में दिल दहला देने वाली घटना घटी है। यहां सड़क हादसा देख रहे लोगों को जगुआर कार ने रौंद दिया। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 13 घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।घटना गुरुवार को सरखेज-गांधीनगर (एसजी) राजमार्ग पर इस्कॉन फ्लाईओवर पर घटित हुई। मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई है।

 

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अहमदाबाद में एसजी हाईवे पर एक ही स्थान पर लगातार दो सड़क दुर्घटना हो गई। जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हो गए। हाईवे पर एसयूवी ने एक डंपर को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क पर हंगामा मच गया और हादसा देखने के लिए कई राहगीरों ने सड़क ब्लॉक कर दी, जबकि कुछ लोग घायलों की मदद करने की कोशिश करने लगे। जब घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा था, तभी एक तेज रफ्तार जगुआर कार भीड़ में घुस गई।

 

 

भीड़ में घुसी जगुआर कार

 

अहमदाबाद शहर पुलिस नियंत्रण के अनुसार, हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और 13 घायल हो गए हैं। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना सुबह करीब 1:15 बजे व्यस्त सरखेज-गांधीनगर (एसजी) राजमार्ग पर इस्कॉन फ्लाईओवर पर हुई, जहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि जब राजपथ क्लब क्षेत्र से आगे बढ़ रही लग्जरी कार भीड़ में तेजी से घुसी तो कई लोग घटनास्थल से लगभग 20 से 25 फीट दूर जा गिरे। पुलिस ने बताया कि घायलों में कार चालक सत्या पटेल भी शामिल है। इस्कॉन मंदिर के पास फ्लाईओवर को पुलिस ने अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

 

थार और ट्रक के बीच हुआ था पहला एक्सीडेंट

 

एसजी हाईवे पर पहले थार और ट्रक के बीच एक्सीडेंट हुआ था। इसे देखने के लिए ही लोग इकट्ठा हुए थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार जगुआर कार भीड़ में घुस गई। जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। पुलिस के मुताबिक, महिंद्रा थार ने एसजी हाईवे पर एक डंपर को पीछे से टक्कर मारी। बड़ी संख्या में लोग इसे देखने लगे। इसके बाद तेज रफ्तार एसयूवी भीड़ में घुस गई और एक्सीडेंट देख रहे लोगों को रौंद दिया। इसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। मृतकों के शवों को सोला के एक सिविल अस्पताल ले जाया गया है। घायलों को असारवा के सिलिल अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं जगुआर चला रहे ड्राइवर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।