शैक्षिक भ्रमण पर दिल्ली गए टीएमयू के प्रशिक्षु टीचर्स

Tmu

 

ख़ास बातें

निदेशक छात्र कल्याण प्रो. एमपी सिंह ने किया रवाना। बीएससी बीएड के शैक्षिक भ्रमण दल में थे 60 सदस्य। पुस्तक मेला और विज्ञान संग्रहालय का भी किया अवलोकन

मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के फैकल्टी आफ एजुकेशन की ओर से संचालित तीर्थंकर कुन्थनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के बीएससी बीएड एकीकृत पाठ्यक्रम के प्रशिक्षुओं ने राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र-नई दिल्ली के विज्ञान संग्रहालय और पुस्तक मेला का भ्रमण किया। इन छात्र-छात्राओं को निदेशक छात्र कल्याण प्रो. एमपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना किया। साठ सदस्यों का यह दल सर्वप्रथम राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय पहुंचा। यहां प्रशिक्षुओं ने विज्ञान मॉडल्स, मिसाइल, विज्ञान के आविष्कारों का अवलोकन किया। साथ ही जादुई नल, तार रहित पियानो, ऊर्जा बल, प्रमुख गैलरियां आदि देखीं। इनके अलावा सिंधु घाटी की सभ्यता से जुड़ी चीजों और सिक्कों को भी देखा।

 

प्रशिक्षु अध्यापकों ने भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी विरासत दीर्घा, मानव जीवन विज्ञान दीर्घा, पूर्व ऐतिहासिक दीर्घा, विज्ञान और मनोरंजन दीर्घा, परमाणु ऊर्जा हाल, सरदार पटेल गैलरी का अवलोकन किया। जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, मृदा विज्ञान, धातु विज्ञान आदि के वर्किंग मॉडलों को भी देखा।

 

इसके बाद नेहरू स्टेडियम ले जाया गया जहां पर आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान सर्वत्र पूज्यते कार्यक्रम का अवलोकन भी कराया गया। इसके अतिरिक्त सभी प्रशिक्षु अध्यापकों को पुस्तक मेले का भी भ्रमण कराया। पुस्तक मेले में स्टुडेंट्स ने अलग-अलग लेखकों की विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से संबंधित किताबों को देखा। इस शैक्षिक भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान और तकनीकी विषय के प्रति रुचि उत्पन्न करना रहा है। इस भ्रमण दल के संयोजक एवम् तीर्थंकर कुंथनाथ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद जैन ने बताया कि आज के वैश्विक एवम् तकनीकी युग में विज्ञान एवं तकनीकी निपुणता अत्यंत आवश्यक है। भ्रमण दल में मिस शिवाकी रानी, मिस रूबी शर्मा, श्री राहुल कुमार आदि भी शामिल थे।