बॉम्बे ड्राइंग के शोरूम में घुसकर मालिक को गोली मारी

मुरादाबाद। शहर के व्यस्त इलाके और बुधबाजार चौकी के नजदीक बांबे डाईंग (पर्दे) के शोरूम में घुसकर व्यापारी को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से जख्मी अशोक अग्रवाल को कासमास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, पुलिस ने हमलावर की पहचान के लिए आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

चिकित्सकों ने निकाली गोली, कासमास में भर्ती

शुक्रवार शाम चहल-पहल के दौरान बुधबाजार स्शित बांबे डाइंग स्वामी अशोक अग्रवाल (50) पुत्र कृष्ण कुमार अग्रवाल अपनी दुकान पर थे। बताते हैं कि शाम करीब सात बजे एक बदमाश दुकान में आया और थैले से तमंचा निकाल कर फायर कर दिया। गोली धर्मेंद्र के सीधे कंधे व सीने के पास लगी है। गोली चलते ही दुकान में अफरा-तफरी मच गया। हमलावर बेहद आराम से दुकान के बाहर आया और फरार हो गया। धर्मेंद्र लहूलुहान होकर दुकान में गिर गए। आसपास के व्यापारी मौके पर जुट गए पास की चौकी में सूचना दी गई। पुलिस के सहयोग से व्यापारी अशोक को कासमास अस्पताल लाया गया। अशोक अग्रवाल कोतवाली क्षेत्र के कुमार कुंज में रहते हैं जबकि इसके परिजन ठाकुरद्वारा क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं। अस्पताल में आपरेशन करके गोली निकाल दी गई है। रिश्तेदार निखिल ने बताया कि चिकित्सकों ने हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस का मानना है कि बदमाश का तरीका शातिराना है। व्यापारी की रंजिश का पता लगाया जा रहा है, शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।