भाजपा उत्तर प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- प्रधानमंत्री मोदी के अभूतपूर्व नेतृत्व से देश लाभांवित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की पहली कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के अटल बिहारी बाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में भाजपा कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक में मुख्यमंत्री का स्वागत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किया,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों सहित अन्य आमंत्रित नेताओं को इस मौके पर संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय मिली। यह शानदार और ऐतिहासिक विजय सभी के परिश्रम से मिली है। इस विजय के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने कई बड़े अंधविश्वास भी तोड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तमाम मिथकों को तमाम षड्यंत्रों को धूल धूसरित करते हुए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपना कार्यकाल पूरा करके दोबारा सरकार बनाई है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने सभी मिथकों को तोड़ा है। भाजपा सरकार तो देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। जनता ने भाजपा की सरकार पर भरोसा जताया है। हम भी इनके भरोसे पर खरा उतरने में लगे हैं। हमारे कोरोना प्रबंधन की हर तरफ तारीफ हुई। अब तो पीएम मोदी के नेतृत्व में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना साकार हो रही है।