Sunday, March 16, 2025
उत्तर प्रदेशक्षेत्रीय ख़बरेंदिल्लीराजनीतिराज्य

Kisan Andolan: रेलवे ट्रैक पर बैठ गए किसान, केंद्र सरकार से कृषि बिल वापस लेने की मांग

मुरादाबाद: केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि बिल को लेकर बीते तीन महीनों से अलग-अलग राज्यों के किसान दिल्ली सीमा पर बिल वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी के तहत 18 फरवरी को रेल रोको आन्दोलन का ऐलान किया गया था। जिसका असर जनपद में भी देखने को मिला। इसमें किसान नेताओं ने मूंडापाण्डेय स्टेशन पर ट्रैक पर सुबह से ही धरना शुरू कर दिया। किसानों के प्रदर्शन के चलते आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं।
मूंडापाण्डेय स्टेशन पर भारतीय किसान यूनियन के स्थानीय इकाई के महानगर अध्यक्ष चौधरी रणधीर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। यहां किसानों ने कृषि बिल वापस लेने की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इन लोगों ने केंद्र सरकार से कृषि बिल वापस लेने की मांग करते हुए किसानों का बकाया गन्ना मूल्य के साथ ही इस साल का गन्ने का रेट भी घोषित करने की मांग की।
किसानों के रेल रोको आन्दोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट था। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद खुद फ़ोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर रखी। उन्होंने बताया कि किसानों का आन्दोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।
किसानों के आन्दोलन के चलते मंडल स्टेशन से गुजरने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं। वहीँ यात्रियों को इस दौरान कोई दिक्कत न हो इसके लिए रेल प्रशासन ने सभी स्टेशन पर व्यवस्था की है।