Wednesday, July 9, 2025
उत्तर प्रदेशक्षेत्रीय ख़बरें

जिला कारागार में बेकसूर बच्चों के लिए खेल मैदान और पढ़ाई भी

मुरादाबाद। जिला कारागार में बंद बेकसूर बच्चे अब पढ़ाई के साथ खेल भी सकेंगे। कारागार मंत्री के निर्देेश पर जेल में बच्चों के लिए पार्क का निर्माण मुकम्मल हो गया है। बच्चों के लिए खेलने व पढ़ने की व्यवस्था करने वाली पहली जेल है। जेल में पार्क में बच्चों के खेलने के लिए खिलौैने होने के साथ फिसलन आदि की व्यवस्था भी की गई है। पार्क में ही बच्चों के पढ़ने की व्यवस्था भी की गई है।

एक घंटा सुबह-शाम खेलने का वक्त तय

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में पहली मर्तबा जिला कारागार में बच्चों के लिए खेल मैदान की व्यवस्था की गई है। गौरतलब है कि जिला कारागार में महिला बंदी के साथ उसका छह साल तक का बच्चा रह सकता है। इसलिए लगभग आठ-दस बच्चे बेकसकूर होने के बाद भी जिला कारागार में मां के साथ रहते हैं। मां की जमानत होने पर यह बच्चे भी मां के साथ चले जाते हैं। इन बच्चों के खेल और शिक्षा के लिए कारागार मंत्री ने पार्क बनाने की नई पहल की है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश शर्मा ने बताया कि बच्चे प्रत्येक दिन पार्क में एक घंटा सुबह और एक घंटा शाम को खेलते हैं। इसके साथ ही बच्चे खेल-खेल में पढ़ाई भी करते हैं। कारागार में जो महिलाएं रहती हैं उनके साथ छह साल तक के बच्चे रहते हैं। यह व्यवस्था उन्हीं बच्चों के लिए की गई है। उन्होंने बताया कि कारागार मंत्री ने सभी जेल अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि इन बच्चों के लिए कारागार में एक अलग स्थान चिन्हित करें और वहां पर एक पार्क बनाएं।