सॉफ्ट हिंदुत्व, आदिवासियों को साधने की कोशिश, इस फॉर्मूले के जरिए कांग्रेस की मध्यप्रदेश में वापसी की रणनीति

भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस और उसके पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के कई रूप देखने को मिले हैं। भारत जोड़ो यात्रा के जरिए कांग्रेस और राहुल गांधी ने कई मैसेज भी दिए हैं। इसमें सबसे अहम है सॉफ्ट हिंदुत्व का संदेश। राहुल गांधी अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कई मंदिरों में गए, दर्शन पूजा भी किया, प्रियंका गाधी के साथ आरती भी की। 23 नवंबर से यह यात्रा मध्य प्रदेश में हैऔर 4 दिसंबर को राजस्थान में दाखिल होगी। मध्य प्रदेश में अभी तक की यात्रा के दौरान राहुल गांधी का सॉफ्ट हिंदू चेहरा नजर आया है। मंगलवार को यात्रा के उज्जैन में पहुंचने के बाद राहुल गांधी महाकाल मंदिर दर्शन-पूजा के लिए पहुंचे थे। इससे पहले वो खंडवा में ओंकारेश्वर मंदिर भी गए थे। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी ने आदिवासियों को भी साधने का प्रयास किया है। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी अब तक आधा दर्जन से अधिक धार्मिक स्थलों पर हाजिरी लगा चुके हैं। जब यात्रा सतना जिले में थी तो राहुल कामलनाथ मंदिर दर्शन करने गए थे। इसके बाद दतिया पहुंची तो वहां, पीतांबरा पीठ का दर्शन किए। जबलपुर के गौरी घाट पर मां नर्मदा की पूजा अर्चना और आरती में शामिल हुए। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर और फिर इंदौर के बड़ा गणपति मंदिर में भी हाजिरी लगाई।