राजनीति से अपराध को खत्म करने के लिए सपा को समाप्तवादी पार्टी बनाना होगा: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद 

लखनऊ। राजनीति के अपराधीकरण को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति से अगर अपराध को खत्म करना है तो सपा को समाप्तवादी पार्टी बनाना होगा। वह नेहरू नगर स्थित दृष्टिबाधित विद्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के जन्म लेने के साथ ही राजनीति में अपराध की शुरुआत हो गई थी। कन्नौज से कार्यक्रम में पहुंचे केशव प्रसाद ने बताया कि वहां नीरज मिश्रा नाम का कार्यकर्ता था। उन्होंने अखिलेश यादव को भी बूथ कैप्चरिंग से रोका था। उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। वहां वह नीरज के स्वजनों से मिले। उन्हें 10 लाख की सहायता राशि दी गई है,समाजवादी पार्टी को अपराध से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि सपा का मतलब ही अपराध, माफिया व हत्यारों को संरक्षण है। आज अटल जी की जयंती के मौके पर हम सुशासन दिवस मना रहे हैं, ऐसे में यह संकल्प लें कि ऐसी राजनीति को खत्म करना है। आज जब प्रदेश सरकार भ्रष्टाचारियों, मकान व जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई कर रही है तो वे भागे-भागे घूम रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि यह राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की वजह से हो रहा है।