उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से दौड़ेंगी राजधानी एक्सप्रेस बसें

राजधानी लखनऊ और दिल्ली आवागमन करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें जिला मुख्यालयों पर ही राजधानी जाने वाली रोडवेज की स्पेशल बस मिल जाएंगी, जो लखनऊ से एक दिन के अंदर तथा दिल्ली से दूसरे दिन वापस पहुंचा देंगी। इसके लिए गोरखपुर सहित देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से रोडवेज की एक-एक राजधानी एक्सप्रेस चलाई जाएगी। शासन की पहल पर परिवहन निगम ने बस संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। खिचड़ी बाद बसों का संचालन शुरू करने की योजना है।प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ जाएंगे। हालांकि, राजधानी से 300 किमी के अंदर पड़ने वाले जिला मुख्यालयों से यह बस सेवा संचालित नहीं होगी। जानकारों का कहना है कि बसें नए कलेवर में होंगी। बसों का रंग भी बदल जाएगा। बसें सुविधा संपन्न और सीटें आरामदायक होंगी। यह बसें भी बाईपास सेवा की तरह चलेंगी। यानी, शहर के अंदर स्थित डिपो में बिना खड़े हुए सीधे रन थ्रू चलाई जाएंगी। इससे यह 20 प्रतिशत कम समय में ही गंतव्य पर पहुंच जाएंगी।