विपक्षी गठबंधन I. N. D. I. A. के खिलाफ भाजपा का ‘पोस्टर वार’

 

दिल्ली भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री के संदेश के आधार पर विपक्षी दलों के I. N. D. I. A. गठबंधन के खिलाफ ‘पोस्टर वार’ छेड़ दिया है। प्रधानमंत्री के 9 अगस्त को किए गए ऐलान और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा सदन में गठबंधन को परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण पर सीधा निशाना साधने के बाद भाजपा ने पूरी दिल्ली में इन्हीं नारों के साथ होर्डिंग्स और यूनीपोल लगाए हैं।दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष विष्णु मित्तल की ओर से पूरी दिल्ली में भ्रष्टाचार क्विट इंडिया, परिवारवाद क्विट इंडिया, तुष्टीकरण क्विट इंडिया जैसे नारों के साथ होर्डिंग लगाए हैं। हॉर्डिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की फोटो भी लगी है।

 

पीएम मोदी ने बोला था हमला

 

गौरतलब है कि 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा था कि पूरा देश हर तरह की बुराइयों से छुटकारा चाहता है। उन्होंने भ्रष्टाचार क्विट इंडिया, परिवारवाद क्विट इंडिया जैसे नारे कैडर तक संदेश पहुंचाने के लिए दिए थे।

 

‘घमंडिया गठबंधन’ बुराइयों का पुतला

 

भाजपा के एक नेता ने कहा कि ‘घमंडिया गठबंधन’ बुराइयों का पुतला है। विपक्ष के गठबंधन में परिवारवाद हावी है। 12 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले इन लोगों ने किए हैं। वोट के लिए तुष्टीकरण इनकी नीति है। जनता इन सभी बुराइयों से छुटकारा चाहती है। इसलिए नाम बदलना, चेहरा बदलना काम नहीं आयेगा। एक बार फिर 2024 में रिकॉर्ड बनाकर नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।