खुलासा: पंजाब में कांग्रेस राज में सरकारी खजाने से खूब आवभगत हुई थी मुख्तार अंसारी की

पंजाब। यहां कांग्रेस राज में मुख्तार अंसारी की जेल में खूब आवभगत की गई। मुख्तार को पिछली कांग्रेस सरकार ने वीआईपी ट्रीटमेंट दिया और 55 लाख रुपए सुख-सुविधाओं पर खर्च किए। मुख्तार पंजाब की जेल में 2 साल 3 महीने तक बंद रहे। बाद में कोर्ट के आदेश पर मुख्तार को यूपी की बांदा जेल में शिफ्ट किया गया।

अब पंजाब सरकार में मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी को राज्य की रूपनगर जेल में ‘वीआईपी ट्रीटमेंट’ मुहैया कराया। बैंस के दावे के बाद विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा से उनकी तीखी नोकझोंक हो गई।

मुख्तार के साथ जेल में पत्नी भी रहीं

जेल मंत्री बैंस यहां पंजाब विधानसभा में बजट सत्र को संबोधन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अंसारी के खिलाफ ‘फर्जी’ प्राथमिकी दर्ज की गई, उसके बाद दो साल और तीन महीने तक रूपनगर जेल में रखा गया। उसे (अंसारी) वीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया. इतना ही नहीं, मुख्तार के साथ जेल में उसकी पत्नी भी साथ में रहीं। उन्हें फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं दी गईं।

यूपी सरकार को SC जाना पड़ा

मंत्री बैंस ने कहा कि ये एक गंभीर मुद्दा है। मैं एक जेल मंत्री हूं और मेरे सामने एक ऐसा मामला आया, जिसमें गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को रूपनगर जेल में दो साल तीन महीने तक जेल में रखा गया था। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को अंसारी की हिरासत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख करना पड़ा।