मिशन शक्ति: केजीके कॉलेज में छात्राओं को बताए आत्मरक्षा के गुण

मुरादाबाद: मिशन शक्ति अभियान के तहत केजीके महाविद्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें छात्राओं से संवाद कर उन्हें जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में पुलिस के साथ ही एंटी रोमियो दल और परिवहन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
एण्टी रोमियो दल के प्रभारी बालेन्द्र सिंह और सब इंस्पेक्टर ज्योति सिंह ने छात्राओं को आत्म सुरक्षा के तरीकों से अवगत कराया। सभी हेल्प लाईन नम्बर छात्राओं की सुरक्षा के लिए बनाये गये हैं लेकिन लड़कियां ड़र के कारण उन सब का प्रयोग करने से डरती हैं। प्रभारी बालेन्द्र सिंह ने बताया कि डरने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि जब भी सहायता के लिए कोई लड़की फोन करती है तो उसकी पहचान गोपनीय रखी जाती है।
ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर ऋषि गोपाल जी ने छात्राओं को यातायात से सम्बन्धित महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। नियमों का अनुपालन नहीं होने की स्थिति में जो जुर्माना होगा, उसके विषय में भी जागरुक किया। परिवहन विभाग के होरी लाल वर्मा जी ने छात्राओं को लाईसेंस बनवाने और हेलमेट का प्रयोग करने के लिए कहा जिससे दुर्घटना की सम्भावना को कम किया जा सके। छात्राओं ने सुरक्षा से सम्बन्धित महत्वपूर्ण सवाल पूरी टीम से पूछे। कपिल रस्तौगी ने कालेज में एक शिविर लगा कर लड़कियों के लाईसेंस बनवाने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. जी०सी०पाण्डे ने कहा कि लड़कियों के प्रति अपराध निरन्तर बढ़ रहे हैं। इनको रोकने के लिए आवश्यक है कि लड़कियां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो। उन्हें कानूनी समझ हो। कार्यक्रम का संचालन डॉ ममता सिंह ने किया।